लातूर: नाबालिग लड़के को निर्वस्त्र कर पीटने का वीडियो वायरल, पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ा; 3 की तलाश जारी
लातूर (विशेष संवाददाता):

सोशल मीडिया पर एक नाबालिग लड़के को निर्वस्त्र कर बेरहमी से पीटने का वीडियो सामने आने के बाद लातूर पुलिस ने तुरंत सख्त कदम उठाया है। पुलिस ने पीड़ित नाबालिग की पहचान कर मामले में शामिल 4 आरोपियों का पता लगा लिया है। इनमें से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि फरार तीन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें रवाना की गई हैं।
पुलिस अधीक्षक (SP) अमोल तांबे के मार्गदर्शन में यह त्वरित कार्रवाई की गई है। पुलिस के मुताबिक यह घटना जून महीने की है। इस मामले में एमआईडीसी पुलिस थाने में पोक्सो (POCSO), अपहरण, फिरौती (रंगदारी) और जानलेवा हमला (हत्या का प्रयास) जैसी गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
लातूर पुलिस की नागरिकों से सख्त अपील:
लातूर पुलिस ने आम जनता और सोशल मीडिया यूजर्स से अपील की है कि पीड़ित लड़का नाबालिग है, इसलिए उसकी पहचान उजागर करने वाला कोई भी वीडियो फॉरवर्ड, शेयर या सोशल मीडिया पर वायरल न करें। नाबालिग पीड़ित की पहचान उजागर करना कानूनन संगीन अपराध है, अतः सभी नागरिक जिम्मेदारी का परिचय दें।









