लातूर में महिला पत्रकारों का दो दिवसीय राज्यस्तरीय सम्मेलन 24 अक्टूबर से
लातूर:रफ़्तार हिंदुस्तान की

पत्रकारों के वैश्विक संगठन ‘वॉयस ऑफ मीडिया’ की महाराष्ट्र महिला विंग की ओर से 24 और 25 अक्टूबर को लातूर के औसा रोड स्थित थोरमोटे लॉन्स में राज्यस्तरीय महिला पत्रकार सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। इस दो दिवसीय सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य महिला पत्रकारों के अधिकार, सुरक्षा, स्वास्थ्य और उनके आर्थिक व पेशेवर सशक्तिकरण पर चर्चा करना है।
संगठन का नेटवर्क 78 देशों में फैला है और इससे 7 लाख 40 हजार से अधिक पत्रकार जुड़े हैं। इस कार्यक्रम के जरिए महाराष्ट्र के सभी 36 जिलों की महिला पत्रकारों को एक मंच पर लाकर उनके मुद्दों को सरकार और समाज के सामने मजबूती से रखा जाएगा।
सम्मेलन का उद्घाटन 24 अक्टूबर को सुबह 10 बजे होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल म्हस्के करेंगे, जबकि उद्घाटन वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता व शिक्षाविद सुनंदा पवार करेंगी। इस दौरान गोदावरी बैंक समूह की अध्यक्ष राजश्री पाटिल और जानी-मानी टीवी एंकर फराह खान विशेष रूप से उपस्थित रहेंगी।
सम्मेलन के दूसरे दिन 25 अक्टूबर को समापन सत्र में प्रो. डॉ. आशा देशपांडे और डॉ. कविता राणे महिला पत्रकारिता के भविष्य व चुनौतियों पर अपने विचार रखेंगी। कार्यक्रम में लातूर की महापौर जयश्रीताई सोनकांबले, नगर निगम उपायुक्त वसुधा फड, डीएसपी भगीरथी पवार और संगठन के प्रदेश अध्यक्ष विजय चोरडिया सहित कई प्रमुख लोग शामिल होंगे।
सम्मेलन में डिजिटल मीडिया, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), साइबर सुरक्षा, फैक्ट-चेकिंग और स्वास्थ्य बीमा जैसे विषयों पर विशेष सत्र होंगे। साथ ही महिला पत्रकारों की भलाई के लिए 20 अहम प्रस्ताव पारित किए जाएंगे। महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष वैशाली पाटिल ने राज्यभर की महिला पत्रकारों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है।









