तुलजापुर की घटना पर AIMIM का हल्लाबोल!

समीर पटेल की मौत से लातूर में आक्रोश; जिला कलेक्टर को ज्ञापन देकर सभी आरोपियों और नामजद महाराज की गिरफ्तारी की मांग

लातूर | प्रतिनिधि

रफ़्तार हिंदुस्तान की

तुळजापुर में शक के आधार पर दो नौजवानों का अपहरण कर बेरहमी से मारपीट करने की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। इस घटना में समीर जब्बार पटेल की मौत हो गई, जबकि अरबाज अफसर सय्यद गंभीर रूप से घायल है। इस अमानवीय घटना को लेकर अब AIMIM ने आक्रामक रुख अपनाते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM), जिला लातूर की ओर से जिलाध्यक्ष एडवोकेट मुहम्मदअली शेख के नेतृत्व में जिला कलेक्टर से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा गया।

सिर्फ शक के आधार पर दो नौजवानों पर हमला, एक की मौत!

ज्ञापन में कहा गया कि एक लड़की से फोन पर बातचीत करने के शक में दो नौजवानों को अगवा कर उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। आखिर किसी को शक के आधार पर कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार किसने दिया? अगर कोई आरोप था तो कानून और पुलिस मौजूद है। किसी की जान लेने का अधिकार किसी को नहीं है।

महाराज का नाम सामने, फिर गिरफ्तारी क्यों नहीं?

AIMIM ने इस मामले में एक महाराज का नाम सामने आने के बावजूद उसकी गिरफ्तारी नहीं होने पर सवाल उठाया। संगठन ने मांग की कि संबंधित महाराज को भी तत्काल गिरफ्तार किया जाए। किसी भी आरोपी को राजनीतिक या सामाजिक दबाव के चलते बचाया नहीं जाना चाहिए।

दोषियों को सजा मिलने तक लड़ाई जारी रहेगी

एडवोकेट मुहम्मदअली शेख ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच हो, सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए और पीड़ित परिवार को न्याय मिले। साथ ही गंभीर रूप से घायल अरबाज को उचित न्याय और सहायता दिलाई जाए।

AIMIM ने साफ कहा कि किसी भी बेगुनाह के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। समीर पटेल की मौत के जिम्मेदार लोगों को कानून के अनुसार कड़ी सजा मिलनी चाहिए। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए मजलिस अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी।

इस अवसर पर एडवोकेट मुहम्मदअली शेख सहित AIMIM जिला लातूर के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

AI-Powered Messaging Tool