जमीन बिक्री के पैसों के विवाद में बेटे ने बुज़ुर्ग पिता को लाठी से पीटा

जमीन बिक्री के पैसों के विवाद में बेटे ने बुजुर्ग पिता को लाठी से पीटा, हाथ फ्रैक्चर; उदगीर शहर पुलिस में मामला दर्ज

​उदगीर:रफ़्तार हिंदुस्तान की

जमीन बिक्री से मिले रुपयों के विवाद में एक बेटे द्वारा अपने ही 60 वर्षीय बुजुर्ग पिता पर जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने गाली-गलौज और लात-घूंसों से पिटाई करने के बाद बुजुर्ग पिता पर लाठी से हमला कर उनके बाएं हाथ का पंजा तोड़ दिया। घायल पिता की शिकायत पर उदगीर शहर पुलिस ने आरोपी बेटे के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है।

​मिली जानकारी के अनुसार, दबीपुरा (शकील चौक, उदगीर) निवासी किसान चांद फरीदसाब शेख (उम्र 60 वर्ष) ने हाल ही में अपनी जमीन बेची थी। 10 नवंबर की शाम करीब 7 बजे, उनके बेटे अफरोज चांद शेख ने शकील चौक के पास उनसे जमीन बिक्री के पैसों की मांग की। जब पिता ने पैसे देने से मना किया, तो अफरोज आगबबूला हो गया। उसने पिता को गंदी-गंदी गालियां देते हुए लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया।

​विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी बेटे ने पास रखी लाठी उठाकर बुजुर्ग पिता के बाएं हाथ के पंजे पर जोरदार वार कर दिया, जिससे हाथ की हड्डी टूट (फ्रैक्चर) गई। जाते-जाते आरोपी ने पिता को जान से मारने की धमकी भी दी।

​गंभीर रूप से घायल चांद शेख की शिकायत पर उदगीर शहर पुलिस थाने में आरोपी अफरोज शेख के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 118(1), 117(2), 115(2), 352, 351(2) और 351(3) के तहत गंभीर चोट पहुंचाने, गाली-गलौज व धमकी देने का मामला दर्ज किया गया है।

​थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक भुसनुर के निर्देश पर पुलिस हेड कांस्टेबल गोलंदाज (ब.नं. 1040) मामले की आगे की जांच कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

AI-Powered Messaging Tool