मुस्लिम वेलफेयर एसोसिएशन का संकल्प, शिक्षा और जागरूकता से समाज को मिलेगी नई दिशा
नई दिल्ली, रफ़्तार हिंदुस्तान की

नई दिल्ली स्थित इंडिया इस्लामिक कल्चरल सेंटर (IICC) में मुस्लिम वेलफेयर एसोसिएशन के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की अहम बैठक राष्ट्रीय अध्यक्ष सलीम सारंग की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में देशभर में संगठन को मजबूत बनाने, समाज के पिछड़े और जरूरतमंद लोगों के विकास तथा शिक्षा, जागरूकता और जनसेवा को लेकर कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए।
बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि समाज के वंचित वर्ग, युवाओं और महिलाओं को संगठन से जोड़कर उन्हें शिक्षा, रोजगार और सामाजिक विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाए। पदाधिकारियों ने कहा कि समाज की तरक्की का सबसे मजबूत आधार शिक्षा है, इसलिए इस दिशा में बड़े स्तर पर अभियान चलाया जाएगा।

बैठक में भारतीय संविधान से मिले अधिकारों, कानूनी प्रावधानों और नागरिकों के अधिकारों की जानकारी हर व्यक्ति तक पहुंचाने का भी निर्णय लिया गया। इसके लिए गांव-गांव और शहर-शहर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि लोग अपने अधिकारों को समझ सकें और उनका लाभ उठा सकें।
पदाधिकारियों ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आज भी कई जरूरतमंद लोगों तक नहीं पहुंच पा रहा है। ऐसे लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने और हर पात्र परिवार तक उनका लाभ पहुंचाने के लिए संगठन सक्रिय भूमिका निभाएगा। इसके लिए समाज में जागरूकता बढ़ाने और लोगों का मार्गदर्शन करने का भी फैसला लिया गया।

राष्ट्रीय अध्यक्ष सलीम सारंग ने कहा कि मुस्लिम वेलफेयर एसोसिएशन केवल एक संगठन नहीं, बल्कि समाज की सेवा का एक मिशन है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से एकजुट होकर शिक्षा, सामाजिक जागरूकता, भाईचारा और जनसेवा के माध्यम से समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए लगातार काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक मदद पहुंचाना और उसे आगे बढ़ने का अवसर देना है।
बैठक में सभी राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय पदाधिकारियों ने अपने सुझाव रखे और संगठन को देशभर में अधिक मजबूत, सक्रिय और जनहित के कार्यों के लिए समर्पित बनाने का संकल्प लिया।

बैठक में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री मोहम्मद निसार, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मोहिबुल्लाह खान, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सलीम अहमद, राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रवक्ता सतवीर सिंह जाटव, राष्ट्रीय सचिव सूफी मोहम्मद शफीक खान, मुंबई जनरल सेक्रेटरी (नॉर्थ ईस्ट) सूफी गुलाम खान, पश्चिम उत्तर प्रदेश अध्यक्ष शमशाद हुसैन, मंडल अध्यक्ष मुशाहिद हुसैन, नासिर हुसैन, सैयद मोहम्मद, सैयद अनवर, तसलीम खान, एडवोकेट सोहेल, मोहम्मद नवेद, डॉ. बी. डी. खान, मोहम्मद मेहरास सहित कई राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहे।









