लखनऊ में भाऊसाहेब सहकारी बैंक का राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान,तीन अधिकारियों को मिला ‘भारतरत्न सहकारिता सम्मान-2026

उदगीर (रफ़्तार हिंदुस्तान की)।
उदगीर की प्रतिष्ठित भाऊसाहेब सहकारी बैंक को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आयोजित भव्य समारोह में बैंक के चेयरमैन भगवानराव पाटील तळेगावकर, मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) डॉ. लक्ष्मीकांत कुलकर्णी तथा प्रशासकीय अधिकारी शिवाजी भगवानराव पाटील को सहकारिता क्षेत्र के प्रतिष्ठित ‘भारतरत्न सहकारिता सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया।
भाऊसाहेब सहकारी बैंक अपनी उत्कृष्ट बैंकिंग सेवाओं, पारदर्शी कार्यप्रणाली और प्रभावी प्रबंधन के कारण सहकारी बैंकिंग क्षेत्र में विशेष पहचान रखती है। बैंक ने वर्ष 2025-26 में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है तथा भारतीय रिजर्व बैंक और सहकार कानूनों के नियमों का पालन करते हुए उत्कृष्ट प्रशासन का उदाहरण प्रस्तुत किया है।
बैंक की इसी शानदार उपलब्धि के आधार पर चेयरमैन भगवानराव पाटील तळेगावकर को देशभर की सहकारी बैंकों में से ‘सर्वश्रेष्ठ अर्बन बैंक चेयरमैन’ श्रेणी में भारतरत्न सहकारिता सम्मान प्रदान किया गया। वहीं बैंक के सफल संचालन और विकास में महत्वपूर्ण योगदान के लिए डॉ. लक्ष्मीकांत कुलकर्णी को ‘सर्वश्रेष्ठ मुख्य कार्यकारी अधिकारी’ के सम्मान से नवाजा गया।
इसके अलावा युवा नेतृत्व और सहकारिता क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए शिवाजी भगवानराव पाटील को भी ‘भारतरत्न सहकारिता सम्मान’ प्रदान किया गया।
यह पुरस्कार समारोह भारत को-ऑपरेटिव बैंकर्स समिट, दिल्ली के तत्वावधान में लखनऊ स्थित रमाडा प्लाजा होटल में आयोजित किया गया। समारोह में आसाम स्टेट एपेक्स बैंक के अध्यक्ष एवं विधायक बिश्वजीत फुकान के हाथों सम्मान प्रदान किए गए।
इस अवसर पर बैंक प्रबंधन मंडल के चेयरमैन दिनेश पाटील, सीईओ डॉ. लक्ष्मीकांत कुलकर्णी, संचालक रविंद्र हसरगुंडे तथा धनाजी राजे सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैंक को मिले इस राष्ट्रीय सम्मान पर संचालकों, कर्मचारियों, ग्राहकों, सभासदों और हितचिंतकों ने खुशी व्यक्त करते हुए सम्मानित अधिकारियों का अभिनंदन किया है।









