पूर्व मंत्री संजय बनसोडे ने मुख्यमंत्री से की अपी
उदगीर/रफ़्तार हिंदुस्तान की

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए, महिलाओं को मिलेगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधा
उदगीर : कर्नाटक सीमा से लगे उदगीर शहर में 100 बेड का आधुनिक महिला अस्पताल बनाने की मांग पूर्व मंत्री एवं विधायक संजय बनसोडे ने मुख्यमंत्री Devendra Fadnavis के समक्ष रखी है। इस मांग पर मुख्यमंत्री ने सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
उदगीर में फिलहाल 200 बेड का सामान्य अस्पताल संचालित है, जिसे 300 बेड तक बढ़ाने का प्रस्ताव भी सरकार के पास लंबित है। अस्पताल में प्रतिदिन लगभग 1,500 मरीज इलाज के लिए आते हैं, जबकि हर महीने करीब 400 सामान्य और सिजेरियन प्रसव होते हैं। बढ़ती मरीज संख्या के कारण वर्तमान सुविधाएं अपर्याप्त साबित हो रही हैं।
विधायक संजय बनसोडे ने कहा कि उदगीर, जळकोट और सीमावर्ती क्षेत्रों की हजारों महिलाओं को प्रसूति, स्त्री रोग और नवजात शिशु के इलाज के लिए लातूर, धाराशिव या हैदराबाद जाना पड़ता है। इससे समय, धन और परेशानी बढ़ती है। इसलिए उदगीर में 100 बेड का अलग महिला अस्पताल बनाना जरूरी है।
प्रस्तावित अस्पताल में अत्याधुनिक प्रसूति कक्ष, सिजेरियन ऑपरेशन की सुविधा, नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई (NICU), स्त्री रोग ऑपरेशन विभाग, सोनोग्राफी, ब्लड बैंक, प्रयोगशाला, विशेषज्ञ डॉक्टर और प्रशिक्षित नर्सों की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
संजय बनसोडे ने कहा कि इससे पहले भी उन्होंने उदगीर में ट्रॉमा केयर सेंटर, ऑक्सीजन प्लांट, ओपीडी भवन, 200 बेड का सामान्य अस्पताल और आधुनिक एम्बुलेंस जैसी स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए लगातार प्रयास किए हैं। उनका विश्वास है कि महिला अस्पताल बनने से उदगीर और आसपास के क्षेत्रों की हजारों महिलाओं को समय पर और बेहतर इलाज मिलेगा तथा प्रसव के लिए दूर-दराज के शहरों में जाने की आवश्यकता काफी कम हो जाएगी।









