उदगीर।रफ़्तार हिंदुस्तान की

स्वर्गीय उपमुख्यमंत्री अजितदादा पवार की जयंती और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के जन्मदिन के अवसर पर उदगीर के सामान्य अस्पताल में आयोजित महा स्वास्थ्य शिविर को नागरिकों का अच्छा प्रतिसाद मिला। इस अवसर पर पूर्व मंत्री एवं विधायक संजय बनसोडे ने कहा कि हर आम नागरिक को समय पर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना हमारी जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि स्वर्गीय अजितदादा पवार ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाएं पहुंचाने का काम किया। उसी प्रेरणा से लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए ऐसे सामाजिक उपक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस शिविर में हजारों लोगों ने विशेषज्ञ डॉक्टरों से स्वास्थ्य जांच, परामर्श और उपचार का लाभ लिया।
संजय बनसोडे ने कहा कि उदगीर तीन राज्यों की सीमा पर स्थित होने के कारण यहां मरीजों की संख्या अधिक रहती है। इसलिए 200 बेड वाले सामान्य अस्पताल को 300 बेड का किया जाए तथा महिलाओं के लिए अलग 100 बेड का अस्पताल बनाया जाए। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मांग भी की है।
शिविर में मधुमेह, रक्तचाप, हृदय रोग, नेत्र जांच, महिला एवं बाल रोग, कान-नाक-गला, हड्डी रोग सहित कई बीमारियों की नि:शुल्क जांच की गई। जरूरतमंद मरीजों को दवाइयां दी गईं और आगे के इलाज के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों से मार्गदर्शन भी कराया गया।
कार्यक्रम में राष्ट्रवादी कांग्रेस के प्रदेश महासचिव एड. व्यंकट बेद्रे, रामचंद्र तिरुके, ज्ञानेश्वर बिरादार, प्रा. दिलीप मटके सहित कई जनप्रतिनिधि, डॉक्टर, स्वास्थ्य अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और महायुति के पदाधिकारी उपस्थित रहे।कार्यक्रम का संचालन प्रा. श्याम डावले ने किया, जबकि आभार अनिल मुदाळे ने व्यक्त किए।









