29 से 31 जुलाई तक महाराष्ट्र के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना

मुंबई, 29 जुलाई।रफ़्तार हिंदुस्तान की

बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण महाराष्ट्र के कई हिस्सों में 29 से 31 जुलाई के बीच बारिश का जोर बढ़ने की संभावना है। राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार इस दौरान विदर्भ, उत्तर मराठवाड़ा, खानदेश, कोंकण और मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।

विभाग ने बताया कि विदर्भ, उत्तर मराठवाड़ा और खानदेश में तेज हवाएं भी चल सकती हैं। वहीं दक्षिण मराठवाड़ा और दक्षिण मध्य महाराष्ट्र में अपेक्षाकृत कम बारिश होने की संभावना है।

भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में पानी भर सकता है, नदी-नाले उफान पर आ सकते हैं, यातायात प्रभावित हो सकता है और कुछ स्थानों पर जनजीवन भी बाधित हो सकता है। मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों में भूस्खलन (लैंडस्लाइड) की भी आशंका जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार 29 जुलाई को पूर्वी विदर्भ में, 30 जुलाई को पश्चिमी विदर्भ, खानदेश, उत्तर मराठवाड़ा, कोंकण और मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों में बारिश का असर अधिक रहेगा। 31 जुलाई को भी खानदेश और घाट क्षेत्रों में बारिश जारी रहने की संभावना है।

मुंबई और मुंबई महानगर क्षेत्र में 30 और 31 जुलाई को बारिश तेज हो सकती है। खासकर रायगढ़, ठाणे और पालघर जिलों में 30 जुलाई को अधिक बारिश होने का अनुमान है।

राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे नदी-नालों, निचले इलाकों और घाट मार्गों पर विशेष सावधानी बरतें। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय प्रशासन से संपर्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

AI-Powered Messaging Tool