
उदगीर | रफ़्तार हिंदुस्तान की
आषाढ़ी एकादशी पर भगवान विठ्ठल के दर्शन के लिए पंढरपुर जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दक्षिण मध्य रेलवे ने इस वर्ष भी अकोला–पंढरपुर विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है।
रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 07635 अकोला से 24 जुलाई 2026 को रवाना होगी। यह विशेष ट्रेन हिंगोली, परभणी, परली वैजनाथ, लातूर रोड, उदगीर, भालकी, बीदर, जहीराबाद, विकाराबाद, कलबुर्गी, सोलापुर होते हुए पंढरपुर पहुंचेगी।
ट्रेन अकोला से सुबह 11:00 बजे रवाना होकर लातूर रोड शाम 7:45 बजे, उदगीर रात 8:25 बजे, भालकी रात 9:17 बजे और बीदर रात 9:50 बजे पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन 25 जुलाई की सुबह 8:15 बजे पंढरपुर पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 07636 25 जुलाई को पंढरपुर से दोपहर 3:50 बजे रवाना होगी। यह बीदर तड़के 3:10 बजे, भालकी 4:20 बजे, उदगीर 5:40 बजे और लातूर रोड 6:45 बजे पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन 26 जुलाई को शाम 4:50 बजे अकोला पहुंचेगी।
उदगीर रेल संघर्ष समिति के सचिव मोतीलाल डोईजोडे ने बताया कि इस विशेष ट्रेन को उदगीर मार्ग से शुरू कराने के लिए सांसद डॉ. शिवाजी काळगे और विधायक संजय बनसोडे के माध्यम से लगातार प्रयास किए गए। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से इस विशेष ट्रेन का लाभ उठाने की अपील की है।









