
लातूर : रफ़्तार हिंदुस्तान की
विद्यार्थियों को स्कूल से ट्रांसफर सर्टिफिकेट (टी.सी.) देने के लिए पैसे मांगना या टी.सी. देने में अनावश्यक देरी करना उनके शैक्षणिक अधिकारों का उल्लंघन है। ऐसे स्कूलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जाएगी और किसी भी दोषी संस्था को बख्शा नहीं जाएगा। यह चेतावनी राष्ट्रवादी विद्यार्थी कांग्रेस के प्रदेश सचिव युवराज कांडगिरे ने दी है।
कांडगिरे ने कहा कि लातूर जिले के कई विद्यार्थियों और अभिभावकों से शिकायतें प्राप्त हो रही हैं कि कुछ स्कूल टी.सी. जारी करने के लिए अवैध रूप से पैसे मांग रहे हैं। वहीं कुछ स्कूल विभिन्न कारण बताकर विद्यार्थियों को टी.सी. देने से इनकार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत गंभीर मामला है और विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने जिले के विद्यार्थियों और अभिभावकों से अपील की कि यदि कोई स्कूल टी.सी. देने के लिए पैसे मांगता है या टी.सी. देने से मना करता है, तो संबंधित स्कूल का नाम, मुख्याध्यापक का नाम और पूरी जानकारी राष्ट्रवादी विद्यार्थी कांग्रेस की हेल्पलाइन नंबर 8208975468 पर भेजें।
कांडगिरे ने बताया कि प्राप्त प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए शिक्षा विभाग के समक्ष मामला उठाया जाएगा तथा संबंधित स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रवादी विद्यार्थी कांग्रेस विद्यार्थियों के अधिकारों की रक्षा के लिए हमेशा संघर्ष करती रहेगी और किसी भी छात्र के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। साथ ही विद्यार्थियों, अभिभावकों और नागरिकों से निर्भय होकर ऐसे मामलों की जानकारी देने का आह्वान किया।









